मथुरा जिले में आगरा-दिल्ली हाईवे किनारे स्थित एक शिक्षण संस्थान के हॉस्टल में इंजीनियरिंग के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इससे हॉस्टल में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी तब हुई जब साथी छात्रों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। छात्रों ने खिड़की झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक छात्र गगन पुत्र देवेंद्र अलीगढ़ की प्रतिभा कालोनी का रहने वाला था। वो बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था। हॉस्टल के जिस रूम में उसका शव पंखे से लटका मिला, उसमें अलीगढ़ का एक और छात्र उसके साथ रहता था। वो छुटटी पर घर गया हुआ था।
फिलहाल आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पोस्टमार्टम कराकर उसके शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। वहीं परिजनों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। वे शव अलीगढ़ ले गए।