ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर टीआई के चालक सहित 39 के खिलाफ कार्रवाई
सीन :1
पूर्वाह्न 11:15 बजे टीआई अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ जीप से पहुंचते हैं। वह चेकिंग करने ही वाले थे कि एसपी ट्रैफिक पहुंच गए। जीप में चालक और टीआई खुद सीट बेल्ट नहीं लगाए थे। इस पर एसपी ट्रैफिक ने पकड़ लिया। उनका चालान कटवाकर शमन शुल्क वसूला गया। यह भी बताया कि जब खुद ही नियम नहीं मानेंगे तो दूसरों से क्या पालन करा पाओगेे।
सीन : 2
सुबह 11:30 बजे एक एसआई बिना सीट बेल्ट के अपनी निजी गाड़ी में कलेक्ट्रेट की ओर आते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोका तो उन्होंने पहले तो अपने विभाग का हवाला दिया। जब एसपी ट्रैफिक सामने आए तो उनकी बोलती बंद हो गई। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर उनका चालान काटकर शमन शुल्क वसूल किया गया।
सीन : 3
12:30 बजे एक होमगार्ड को हेलमेट न पहनने पर रोक लिया गया। चालान काटने पर वह ट्र्रैफिक पुलिस के होमगार्ड से भिड़ गया। इस पर उसके खिलाफ कार्रवाई की बात कही। बाद में वह माफी मांगकर वापस चला गया।
खाकी वर्दी का रौब, गाड़ी पर पुलिस का निशान। फिर क्या सीट बेल्ट, क्या हेलमेट। नियमों की किसे परवाह। पुलिसवाले इसी अंदाज में दोपहिया और चौपहिया वाहन चला रहे हैं। मगर, पुलिस वालों का यह रौब शनिवार को धरा रह गया। ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अनदेखी पर चालान तो काटे, साथ ही नियम से चलने की सीख भी दी। इस दौरान कुछ शर्मिंदा हुए तो कुछ बिगड़े भी। मगर, एसपी ट्रैफिक के आगे उनकी एक न चल सकी। शनिवार को ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान टीआई की जीप सहित 39 वाहनों के चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार सिंह ने कलक्ट्रेट पर सुबह 11:30 बजे से पुलिस कर्मियों के वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया। इस दौरान उन वाहनों को विशेष रूप से चेक किया गया, जिन पर पुलिस लिखा हुआ था या फिर पुलिस का लोगो (नीला-लाल) भी बना था। टीआई की जीप के चालक ने सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं किया था। इस पर उसका चालान काटकर शमन शुल्क वसूल किया गया। एसपी ने टीआई की गाड़ी के बाद पुलिस एस्कॉर्ट की पिप्सी, फील्ड यूनिट की गाड़ी, चीता मोबाइल, बाइक सवार दरोगा और सिपाहियों के चालान काटे गए। एक पुलिसकर्मी से 100 से लेकर 300 रुपये तक शमन शुल्क वसूल किया गया।
शहर भर में वाहन चेकिंग
ट्रैफिक पुलिस ने शहर में जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया। हेलमेट न पहनने पर 261, सीट बेल्ट न लगाने पर 123, ओवर स्पीड पर 62, रांग साइड पर 45, ड्रिंक एंड ड्राइव पर एक का चालन काटा गया। डीएल निरस्तीकरण 5, सीज 30, पीवी चालान 492, शमन शुल्क 1,19,850 रुपये, क्रेन चार्ज की धनराशि 9200 रुपये, फोटो चालान 101, चस्पा चालान 15, प्रदूषण चालान 49 किए गए। कुल 1,29,050 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
नेता जी की भी नहीं चली
एक कार पर उपाध्यक्ष लोहिया वाहिनी समाजवादी पार्टी लिखा हुआ था। जब पुलिस ने कार को रोका तो चालक ने सिपाही पर रौब दिखाना शुरू कर दिया। मगर, उसकी एक न चली। पुलिस ने उसका चालान करके शमन शुल्क वसूल किया।
यह अभियान जारी रहेगा। ट्रैफिक नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी सभी की है। जल्द ही दोपहिया वाहनों की चेकिंग का सघन अभियान चलाया जाएगा।
- राजेश कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक