मैनपुरी। वीरांगना अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर शहर के एक मैरिज होम में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। लोधी समाज के लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता और बच्चों की शिक्षा के साथ बेटियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि विधायक जयवीर सिंह ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई ने देश की सेवा में अपना जीवन बलिदान कर दिया था।
रविवार को अखिल भारतीय लोधी राजपूत महासभा और युवा महासभा की ओर से दीवानी रोड स्थित मैरिज होम में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक जयवीर सिंह ने वीरांगना के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कहा कि अवंतीबाई लोधी ने क्रांति की लड़ाई में राष्ट्र को एक नई दिशा दी। महासभा के प्रदेश प्रभारी हरपाल सिंह लोधी ने भी विचार रखे। जिलाध्यक्ष अहिबरन सिंह राजपूत ने शहर के जेल चौराहे पर प्रस्तावित वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा को जल्द लगवाने और भोगांव तहसील के सामने समाज की जगह की नापजोख कराने की मांग रखी। विधायक ने दोनों ही मांगों को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया।
इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, ब्लाक प्रमुख कश्मीर सिंह राजपूत, नीटू राजपूत, अनिल राजपूत, ममता राजपूत, हाकिम सिंह राजपूत, विश्वमोहन राजपूत एडवोकेट, अजय पाल चौहान, अनूप मिश्रा, पियूष चंदेल, डॉ. देवेश राजपूत, संजीव राजपूत एडवोकेट, चंदन लोधी, सुधाकर लोधी आदि मौजूद रहे।
भोगांव। कस्बा स्थित भाजपा कार्यालय पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी को बलिदान दिवस पर याद किया गया। विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अग्निहोत्री ने कहा कि अवंतीवाई ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लेकर 1857 में अग्रेंजों को परास्त किया था। देश की आजादी में वीरांगना का बड़ा योगदान है। आज की महिलाओं - युवतियों को उनसे सीख लेनी चाहिए। इस अवसर पर कलक्टर सिंह राजपूत, डॉ. मनोज दीक्षित, कश्मीर सिंह, भल्लू चौहान, नीतू जाटव, आशीष तिवारी, राजीव पांडेय, बॉबी मिश्रा आदि मौजूद रहे।