मैनपुरी। ड्यूटी लगाने के नाम पर वसूली का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति कह रहा है कि बिना पैसे के ड्यूटी नहीं लगा सकता। वायरल ऑडियो पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाने से संबंधित बताया जा रहा है।
विकास भवन स्थित पीआरडी कार्यालय में कर्मचारियों की प्रतिमाह ड्यूटी लगाई जाती है। ये लोग सिविल पुलिस के अलावा ट्रैफिक व अधिकारियों के साथ भी सुरक्षा में ड्यूटी करते हैं। इनकी ड्यूटी के नाम पर वसूली का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हो रहा है। इसमें दो युवक ड्यूटी लगाने की बात रहे हैं।
मिश्रा जी नाम से संबोधित किया गया व्यक्ति कह रहा है कि रुपये न दिए जाने के कारण ड्यूटी नहीं लगाई गई है। साहब ने कह दिया है कि जो पैसा देगा, उसी की ड्यूटी लगाई जाए। अन्य किसी को ड्यूटी पर न लगाया जाए। ऑडियो पीआरडी से जुड़ा बताया जा रहा है तो ये जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि अधिकारी ऐसी किसी भी ऑडियो की जानकारी होने से मना कर रहे हैं।
सभी जवानों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी को कोई धनराशि न दें। ऑडियो के संबंध में जानकारी नहीं है। जानकारी करके कार्रवाई की जाएगी।
-सुल्तान सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी।