आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के केदार नगर में मंगलवार तड़के इंडिया वन कंपनी के एटीएम को तोड़कर कैश निकालने की कोशिश की गई। एटीएम केबिन में एक युवक आया था। उसने एटीएम के पिछले और आगे की तरफ ईंट से प्रहार किए। इससे एटीएम क्षतिग्रस्त हो गया। मगर, कैश बॉक्स नहीं खुल सका। इस पर युवक वापस चला गया। पुलिस ने चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक चोर नजर आया है। उसकी तलाश की जा रही है।
केदार नगर में मार्केट में एक दुकान में इंडिया वन कंपनी का एटीएम लगा हुआ है। चौकी प्रभारी राजबाबू ने बताया कि चार दिन से एटीएम खराब पड़ा हुआ था। मंगलवार सुबह तकरीबन दस बजे एक व्यक्ति रुपये निकालने आए थे। उन्होंने एटीएम का अगला हिस्सा टूटा हुआ देखा। इस पर पुलिस को जानकारी दी। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा आरोपी
एटीएम के बगल में हलवाई सहित अन्य दुकान बनी हैं। इन दुकानों के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। इसमें नजर आया है कि मंगलवार तड़के तकरीबन 4:30 बजे एक युवक आता है। उसका चेहरा भी खुला था। उसके हाथ में थैला लगा था। इससे आशंका है कि वह कबाड़ा बीनने वाला हो सकता है। वह पहले एटीएम को देखता है। बाहर जाता है। एक ईंट उठाकर लेकर आता है।
वह एटीएम के पीछे ईंट से प्रहार करता है। बाद में एटीएम कार्ड लगाने वाले स्थान पर प्रहार करता है। इससे आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाता है। मगर, कैश नहीं निकल पाता है। छह से सात मिनट तक रुकने के बाद युवक चला जाता है। पुलिस फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान के प्रयास में लगी है, जिससे उसकी गिरफ्तारी की जा सके।
नहीं था कैश
पुलिस का कहना है कि एटीएम चार दिन से बंद पड़ा था। इस कारण कैश भी नहीं था। छुट्टियां खत्म होने पर कंपनी की ओर से ठीक कराया जाना था। मामले में थाना शाहगंज में चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। एटीएम में गार्ड भी नहीं था।
पहले भी टूट चुके हैं एटीएम
शहर में एटीएम को तोड़कर कैश निकालने की कोशिश का यह पहला मामला नहीं है। शाहगंज, सिकंदरा, जगदीशपुरा, न्यू आगरा, ताजगंज, सदर में एटीएम टूटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजगंज में तो बदमाश एटीएम उखाड़कर भी ले जा चुके हैं। देहात में भी कई बार घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि एटीएम को तोड़कर कैश निकालने का प्रयास किया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी नजर आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया है।