23एमएनपी-15-बेवर थाने में मारपीट की शिकायत करने पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारी
- फोटो : MAINPURI
बेवर। गांव अमरपुर में बकाया बिल जमा नहीं होने पर नलकूप का कनेक्शन काटने गई टीम पर रविवार को ग्रामीणों ने हमला करके लाइनमैन की पिटाई कर दी। पुलिस के साथ भी ग्रामीणों ने अभद्रता की। विद्युतकर्मी की तहरीर पर पूर्व प्रधान सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बकाया वसूलने गई टीम में शामिल विद्युतकर्मी उमेर हसन, योगेश, विश्राम, हरवीर, रंजीत, विवेक, लाइनमैन नीरज एक नलकूप पर पहुंचे। इस पर विभाग का 22850 रुपया बकाया चल रहा है। नलकूप का कनेक्शन गांव के रूपलाल शाक्य के नाम है, उनकी मौत हो चुकी है। नलकूप का संचालन पूर्व प्रधान तिलक सिंह करते हैं। बकाया बिल होने पर लाइनमैन रंजीत पोल पर चढ़कर लाइन काट रहा था तभी वहां तिलक सिंह पहुंच गए।
तिलक सिंह ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसी बीच गांव के और लोग भी वहां पहुंच गए और लाइनमैन रंजीत को नीचे गिराकर उसे पीटने लगे। विरोध करने पर टीम के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पुलिस से भी अभद्रता शुरू कर दी। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल गांव पहुंचा। विद्युत टीम को पुलिस थाने ले गई। पुलिस ने घायल लाइनमैन रंजीत का मेडिकल कराया। टीम के सदस्य उमेर हसन की तहरीर पर पूर्व प्रधान तिलक सिंह सहित अज्ञात लोगों केे खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
विद्युत टीम के सदस्य की तहरीर पर हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश करनी शुरू कर दी है।
जसवीर सिंह सिरोही, इंस्पेक्टर बेवर।