भाजपा जिलाध्यक्ष पर हुए हमले के बाद मौके पर पहुंचे एसपी अजय शंकर राय व अन्य अफसर
- फोटो : अमर उजाला
मैनपरी में भाजपा जिलाध्यक्ष के ऊपर बाइक सवारों ने सोमवार रात जानलेवा हमला कर दिया। वो घर के बाहर लॉन में टहल रहे थे, तभी बाइक सवारों ने उन पर कई राउंड फायर किए। हमले में जिलाध्यक्ष बाल-बाल बच गए।
32 बोर की पिस्टल से करीब सात राउंड फायर किए गए। पुलिस ने मौके से पांच खोखा, चार बुलेट बरामद किए हैं। डीएम और एसपी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता सोमवार रात 10: 40 बजे अवध नगर कालोनी स्थित अपने आवास के लॉन में खाना खाने के बाद टहल रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन लोग दरवाजे के बाहर आकर रुके। गाली-गलौज करते हुए दरवाजा खोलने के लिए कहा।
हमलावर ने पिस्टल से की फायरिंग
जिलाध्यक्ष ने दरवाजा नहीं खोला तो बाइक सवार एक युवक ने फुटरेस्ट पर खड़े होकर पिस्टल उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से संभलते हुए जिलाध्यक्ष ने कार के पीछे छिपकर जान बचाई। गोलियों की आवाज सुनकर भाई अवधेश जाग गए और छत पर खड़े होकर हमलावरों को ललकारा तो वह भाग गए।