हरीपर्वत क्षेत्र में मनचले ने 15 वर्षीय किशोरी से घर में घुसकर छेड़छाड़ कर दी। लोग पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। युवक के परिवार से शिकायत की तो उन्होंने हमला बोल दिया। इस दौरान ब्लेड लगन से किशोरी लहूलुहान हो गई।
घटना 18 जुलाई की है। किशोरी घर में अकेली थी तभी पड़ोस में रहने वाला युवक घर में घुस आया। आरोप है कि इस दौरान उसने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर लोग जुट गए। यह देख युवक भाग निकला। पीड़ित ने युवक की मां और भाई से उसकी शिकायत की। इस पर आरोपी और उसके परिवार ने हमला बोल दिया। युवक ने किशोरी को ब्लेड मारकर घायल कर दिया। वह पिछले कई दिन से उसे परेशान कर रहा था। डर के कारण पुलिस से शिकायत नहीं की। इस मामले में हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बीच बाजार, हाईप्रोफाइल परिवार की रार
सदर के एक रेस्टोरेंट संचालक पर पुत्रवधू ने छेड़छाड़ और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। थाना में तहरीर देकर आरोपी ससुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। रेस्टोरेंट संचालक की हरकत पर उसकी पत्नी और बेटे ने भी मोर्चा खोल दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर की युवती की शादी तीन साल पहले सदर के एक रेस्टोरेंट संचालक के बेटे से हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर उस पर गलत निगाह रखता है। उससे मोबाइल पर बात करने का दबाव बनाता है। कहता है कि कपड़े पहनने के बाद वाट्सएप पर फोटो भेजा करो। कमरे में भी बिना किसी कारण के घुस आता हैं। ससुर की इन्हीं हरकतों की वजह से जून 2014 में घर छोड़ दिया था। इसके बाद पति संग नोएडा में रहने लगी। ससुर की करोड़ों की प्रापर्टी है। पिछले दिनों रिश्तेदारों ने पंचायत की तो वह पति के साथ घर आ गई। रेस्टोरेंट के ऊपर ही घर है। वह ससुर से अलग रहने लगे। इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुई। बहू ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे पति ने नौकर को किसी बात पर डांट दिया। इस पर ससुर ने आकर उससे अभद्रता शुरू कर दी। विरोध पर छेड़छाड़ भी की। पति और सास बचाने आए तो उन्हें पीटा। इसके बाद ससुर ने छोटे बेटे के साथ मिलकर तीनों को कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया। बहू ने थाने में ससुर और देवर के खिलाफ मारपीट-छेड़छाड़ की तहरीर दी है।