पूर्व ब्लॉक प्रमुख की जमीन पर लगाया कुर्की का बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले के जसराना के हिस्ट्रीशीटर आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख डॉ. रामपाल सिंह यादव की करोड़ों रुपए की संपत्ति को जब्त कर लिया गया। गैंगस्टर की कार्रवाई होने के बाद जिलाधिकारी न्यायालय द्वारा पूर्व ब्लाक प्रमुख की संपति को जब्त करने का आदेश दिया था। मंगलवार को एसडीएम ने पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए जसराना देहात एवं पचवा में हिस्ट्रीशीटर की जमीन को अपने अधीन में लिया।
थाना जसराना के हिस्ट्रीशीटर आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह पर 28 अप्रैल 2021 को उप्र गिरोहबंद अधिनियम के तहत कार्रवाई हुई थी। आरोप है कि पूर्व ब्लाक ने गिरोह बनाकर चल-अचल संपत्ति को अर्जित किया है। इस मामले में सात जुलाई 2021 को संपत्ति कुर्क करने के आदेश हुए हैं। इसमें रुपयों के लेनदेन को लेकर हत्या, हत्या के प्रयास जैसे अपराध के आर्थिक लाभ से काफी चल-अचल संपत्ति अर्चित करने की बात कही गई।
पूर्व ब्लाक प्रमुख द्वारा अर्जित की गई चल-अचल संपत्ति को धारा 14 (1) गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क करने के आदेश जारी हुए हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा, सीओ देवेंद्र सिंह, तहसीलदार ब्रहमानंद कठेरिया, कोतवाल फतेह बहादुर सिंह ने मय पुलिस फोर्स के साथ कार्रवाई करते हुए पचवा एवं जसराना देहात में रामपाल सिंह की जमीनों पर कुर्क होने का सरकारी बोर्ड लगा दिया।
एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर रामपाल सिंह की पचवा एवं जसराना देहात की जमीनों पर सरकारी बोर्ड लगाया गया है। कार्रवाई जारी रहेगी।