आगरा। अटलपुरम टाउनशिप में भूखंड खरीदने वालों के घर आवंटन पत्र भेजे जा रहे हैं। 283 आवेदकों की लॉटरी 29 व 30 सितंबर को सूरसदन में खुली थी। लॉटरी ड्रॉ में जिन आवेदकों को भूखंड नहीं मिले, उनकी जमानत राशि बैंक खातों में वापस की जा रही है।
ककुआ और भांडई में 138 हेक्टेयर में आगरा विकास प्राधिकरण ने अटलपुरम टाउनशिप लॉन्च किया है। जिसके सेक्टर-1 में 322 भूखंड थे। 8 अगस्त से 8 सितंबर तक 1,842 आवेदन प्राप्त हुए। ईडब्ल्यूएस, एलआईजी और एमआईजी श्रेणी के 283 भूखंड लॉटरी से आवंटित हुए हैं। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मौली ने बताया कि खरीदारों के घर आवंटन पत्र भेजे जा रहे हैं। सेक्टर-2 व 3 के लिए भी बुकिंग शुरू हो गई है। सात नवंबर तक पंजीकरण होंगे। पंजीकरण के समय भूखंड मूल्य की 10 प्रतिशत राशि जमा करानी होगी। लॉटरी ड्रॉ में असफल होने पर यह धनराशि आवेदक के खातें में वापस हो जाएगी। सेक्टर-1 में जिन आवेदकों की लॉटरी नहीं खुली, उन्हें पंजीकरण राशि वापस कराई जा रही है।