एटा में जलेसर-निधौलीकलां मार्ग पर मैक्स-आटो भिड़ंत में फौजी की मौत हो गई। जबकि एक दंपती घायल हो गया। गांव नगला गोपाल निवासी अखिलेश कुमार (30) असम राइफल्स मणिपुर में तैनात है। दो दिन पहले ही वह छुट्टी पर आया था।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित मोहल्ला संजय नगर में मकान का निर्माण कार्य देखने गांव से ऑटो में गया था। जलेसर-निधौलीकलां मार्ग स्थित गांव लहरा मोड़ के पास सामने से आ रही मैक्स और ऑटो की भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में फौजी अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया जा रहा था तभी रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में कमल सिंह (37) और इनकी पत्नी मंजू (35) भी घायल हुई हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की गंभीर हालत देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है।
फौजी की मौत के बाद विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सांप से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पोल से टकराई
सड़क पर सर्प को देखकर कार चालक अनियंत्रित हो गया, इसके बाद कर पोल से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार महिला सहित पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरा हादसा रोडवेज-ट्रक की भिड़ंत से होने के चलते दो लोग घायल हुए हैं।
थाना सकीट क्षेत्र के गांव सकतपुर के पास शुक्रवार सुबह 11 बजे सड़क पर सर्प को देखकर कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई। हादसे में अनुज (13) , छोटू (15), प्रियंका (35), चालक नरेश कुमार (35) विजय कुमार और गोविंद (23) लाल निवासी लोहा बादशाहपुर थाना अवागढ़ घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। वहीं थाना मलावन में रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत सुबह रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हो गई।
इस हादसे में जगपाल निवासी छबीलेपुर थाना बेवर जिला मैनपुरी और संजय कुमार निवासी गांव दशहरा थाना अरनियां जिला बुलंदशहर घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।