सिकंदरा स्मारक के सामने बनीं अवैध दुकानें
आगरा में अकबर का मकबरा सिकंदरा के सामने पूर्व में बने पेट्रोल पंप की जमीन पर अवैध रूप से बनाए जा रहे मार्केट को तोड़ने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। एएसआई महानिदेशक ने मार्केट में बनाई गई 14 दुकानों को तोड़ने के आदेश दिए हैं। इस मामले में एएसआई दो बार थाना सिकंदरा में एफआईआर दर्ज करा चुका है।
संरक्षित स्मारक सिकंदरा के सामने मुरारी लाल, मुकेश वर्मा, मनोज गिरी और पंकज जैन मार्केट का अवैध निर्माण करा रहे हैं। इस जमीन पर पूर्व में पेट्रोल पंप था जो बंद हो गया। उस पंप के स्थान पर चारों बिल्डरों ने दुकानों का निर्माण करा दिया।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने काम शुरू होने पर ही एफआईआर कराई, लेकिन कार्य नहीं रुका। टिन शेड लगाकर अंदर ही अंदर निर्माण कार्य जारी रखा गया। सिकंदरा हाईवे के किनारे 14 दुकानों का अवैध निर्माण कर लिया गया।