31एमएनपी-10-कलक्ट्रेट सभागार में आशाओं को मोबाइल वितरित करते डीएम और सीडीओ
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संवाद के साथ जिले की 100 आशाओं को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री का वर्चुअल संवाद भी आशाओं को दिखाया गया। डीएम ने आशाओं को स्मार्ट फोन देते हुए पूर्व की भांति मेहनत के साथ कार्य करने की सलाह दी।
डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में जनपद की 100 आशाओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराते हुए बताया कि प्रथम चरण में जनपद की 625 आशाओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाएंगे। डीएम ने बताया कि शेष 525 आशाओं को विकासखंड स्तर पर स्मार्टफोन वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित आशाओं का आह्वान करते हुए कहा कि जिस लगन, मेहनत से आप सब स्वास्थ्य विभाग की संचालित योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक पहुंचा रही हैं। जिस निष्ठा के साथ कोरोना की पहली, दूसरी लहर विशेष तौर पर दूसरी लहर में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए कार्य किया है। उसी लगन-निष्ठा से संभावित तीसरी लहर को रोकने में भी अपने दायित्वों का निर्वहन सतर्कता के साथ करें। उन्होंने कहा कि आप सब के सहयोग से जनपद कोविड-19 से बचाव हेतु टीकाकरण में प्रदेश में टॉप पांच जनपदों में है। मंडल में जनपद प्रथम स्थान पर है। जनपद के लक्षित व्यक्तियों में से 95 प्रतिशत से अधिक लोगों को प्रथम डोज का टीका लग चुका है। शेष व्यक्तियों को आगामी सात दिन में पहली डोज लगवाकर जनपद को शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य से पूर्ण करने में अपना सहयोग दें।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, सीडीओ विनोद कुमार, सीएमओ डॉ.पीपी सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय, डॉ. संजीव बहादुर राव, डीएमसी यूनिसेफ संजीव पांडेय, डीपीएम संजीव वर्मा, महिला प्रकोष्ठ की प्रांतीय उपाध्यक्ष सीमा चौहान आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह गौर ने किया।