मैनपुरी। स्कूल वाहनों के संचालन में प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। कहीं वाहन के अभिलेख पूरे नहीं हैं तो कहीं क्षमता से अधिक बच्चे लाए जा रहे हैं। इस पर जल्द अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
ये बातें एआरटीओ राजेश कर्दम ने पत्रकारों से वार्ता में कहीं। सोमवार को कार्यालय में आयोजित वार्ता में उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों द्वारा निजी या टैक्सी के वाहनों से बच्चे लाने और ले जाने का काम किया जा रहा है, ये गैर कानूनी है। अगर कहीं भी ऐसा मामला सामने आया तो वाहन सीज करने के साथ विद्यालय प्रबंधन पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल संचालक स्कूल वाहन के रूप में पंजीकृत वाहन का ही उपयोग बच्चों के लिए करें। साथ ही सभी नियमों और मानकों को पूरा करने के साथ ही अभिलेख भी पूर रखें। नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।