आगरा। थाना सदर पुलिस ने एटीएम केबिन में लोगों को मदद का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकालने वाले गैंग के सदस्य फिरोजाबाद निवासी संजय राठौर को गिरफ्तार किया है। उसने हाल ही में दो लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1.40 लाख रुपये निकाल लिए थे। पीड़ितों ने मुकदमे दर्ज कराए। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंच गई। आरोपी का एक साथी अभी फरार है। उसकी भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
राजपुर चुंगी निवासी विदेश चंद्र अग्रवाल 12 अगस्त को एटीएम से रुपये निकालने गए थे। तभी उनको मदद का झांसा देकर एटीएम कार्ड बदल दिया गया था। इसके बाद खाते से 40 हजार रुपये निकाले गए थे। इसी तरह बड़ा उखर्रा निवासी गौरव कुमार का एटीएम कार्ड बदल दिया गया। वो 19 अगस्त को राजपुर चुंगी स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने गए थे। वहां पर पहले से एक युवक खड़ा था। एटीएम से रुपये नहीं निकलने पर युवक आगे आ गया। उसने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद खाते से दस बार में एक लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ितों ने मुकदमे दर्ज कराया है।
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एटीएम केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए। इसमें फिरोजाबाद के संगम नगर निवासी संजय राठौर के बारे में पता चला। वह अपने साथियों के साथ वारदात करता है। बृहस्पतिवार को उसको रोहता से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 75500 रुपये, एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। उसका एक साथी प्रेम राठौर फरार है।
एटीएम के कार्ड स्लॉट में फंसा देते हैैं कागज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय राठौर ने पूछताछ में बताया कि वह ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं है। काम नहीं मिला तो वह इसी तरह से एटीएम में लोगों के साथ धोखाधड़ी करने लगा। इसमें उसका साथी फिरोजाबाद निवासी प्रेम राठौर भी शामिल रहता है। वह दोनों ऐसे एटीएम में जाते हैं, जहां पर गार्ड तैनात नहीं रहता है।
एटीएम केबिन में खड़े हो जाते हैं। वह एटीएम के कार्ड लगाने वाले स्लॉट में कागज फंसा देते हैं। इस कारण कार्ड लगाने पर भी काम नहीं करता है। इससे रुपये नहीं निकलते। जो लोग रुपये निकालने आते हैं, उनके पीछे खड़े होकर उनके एटीएम का पिन देखते रहते हैं। जब लोग रुपये नहीं निकलने की शिकायत करते हैं तो उनके पास मदद के लिए चले जाते हैं। एक साथी बात करता है दूसरा एटीएम कार्ड बदलकर दे देता है। एटीएम केबिन से पीड़ित के बाहर निकलते ही खाते से रकम निकाल लेते हैं। पुलिस उसके साथी की तलाश कर रही है।