दो साल पहले उदय सिंह यादव ने अपनी बहन की शादी में 12 लाख रुपये खर्च किए थे। गांव में आर्थिक रूप से मजबूत व्यक्ति की पहचान बना रखी है। पुलिस अब यह पता करने में लगी है कि उदय सेना में किसी को भर्ती कराने में सफल तो नहीं रहा।
शामली में पकड़े सदस्यों से होगी पूछताछ
पुलिस ने बताया कि शामली पुलिस ने भी गिरोह के सादाबाद निवासी सतीश, धौलपुर निवासी सुरेंद्र और शामली निवासी सर्वेंद्र को गिरफ्तार किया है। ताजगंज पुलिस इनसे पूछताछ करेगी। ताजगंज के गांव बुढ़ेरा निवासी राकेश चौधरी, बाह का साधू और मेरठ के सचिन फरार हैं।
एक करोड़ से अधिक का लेन-देन
प्रारंभिक जांच में पता चला कि सतीश और उदय सहित अन्य सदस्यों ने बैंक खातों और ई-वॉलेट से एक करोड़ रुपये से भी अधिक का लेन-देन किया है। इस रकम के धोखाधड़ी से जुटाने की ही आशंका है। रकम कब आई? कितने लोगों ने भेजी? कई बार चेक और कैश से भी पैसा लेते थे। इन सब पहलुओं पर जांच की जा रही है।
आगरा में टीईटी, पुलिस, सेना में भर्ती कराने के नाम पर रुपये लेने वाला गैंग पहले भी पकड़ा जा चुका है। पुलिस लाइन में भर्ती प्रक्रिया में साल्वर और गैंग के सरगना पकड़े थे। टीईटी में भी सॉल्वर पकड़े गए। सदर में सेना भर्ती परीक्षा में भी गैंग पकड़ा गया था। इन मामलों की जांच एसपी सिटी के नेतृत्व में एसआईटी कर रही है। कुल 16 मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें से दो में चार्जशीट लग चुकी है।
बैंक खातों का रिकार्ड खंगाल रहे
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि सेना में भर्ती कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गैंग के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। सैकड़ों लोगों से धोखाधड़ी की आशंका है। जांच की जा रही है। आरोपियों के मोबाइल और बैंक खातों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
सेना में भर्ती का ठेका लेने वाले गिरोह के सरगना सहित चार गिरफ्तार, पूरे प्रदेश में फैला है जाल