आगरा के ईदगाह डिपो में डीजल चोरी पकड़ने वाले सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को प्रबंध निदेशक ने निलंबित कर दिया है। इसको लेकर निगम के अधिकारियों में कई तरह की चर्चाएं हैं।
ईदगाह डिपो की पंप से 5348 लीटर डीजल तेल चोरी होने का मामला 12 अगस्त को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेंद्र सिंह ने पकड़ा। उन्होंने इसकी जानकारी क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल को दी और संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा। इधर, 13 अगस्त को आईओसीएल से जांच के लिए अधिकारी भेजने को पत्र भी भेजा।
14 अगस्त को डीजल चोरी प्रकरण में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ईदगाह राजेंद्र सिंह ने डीजल लिपिक देवेश चंद शर्मा, डीजल फिलर रामकुमार को निलंबित कर दिया। इसके साथ क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने वाहन निर्धारण एवं डीजल प्रभारी अशोक शर्मा को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी।
बृहस्पतिवार को परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने डीजल चोरी पकड़ने और कार्यवाही करने वाले सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ईदगाह राजेंद्र प्रसाद को ही निलंबित कर दिया। इस मामले में क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने कुछ भी बोलने से इन्कार किया है।