आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में एंटी स्नैक वेनम और टिटनेस का इंजेक्शन खत्म हो गया है। मरीजों को बाजार से खरीदकर लगवाने पड़ रहे हैं। एंटी स्नैक वेनम इंजेक्शन महंगा होने के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है।
बरसात के कारण देहात में सर्पदंश के मामले बढ़ गए हैं। इमरजेंसी में बीते दस दिन में 12 से 15 पीड़ित आए हैं। एंटी स्नैक वेनम इंजेक्शन न होने से मरीजों को बाहर से खरीदना पड़ रहा है। बाजार में इसकी कीमत 600 से 1000 रुपये तक है। यही हाल टिटनेस के इंजेक्शन का है। इसे दुर्घटना, सैप्टिक, ऑपरेशन के मरीजों को लगाने की जरूरत पड़ती है, इमरजेंसी में रोजाना 50 से अधिक मरीजों को लगाया जाता है। परिजन इसे बाजार से खरीदकर लगवा रहे हैं।
ऑर्डर कर दिए हैं
टिटनेस और एंटी स्नैक वेनम इंजेक्शन खत्म हो गए हैं, इनके ऑर्डर कर दिए हैं। सोमवार-मंगलवार तक इंजेक्शन प्राप्त हो जाएंगे। - डॉ. संजय काला, प्राचार्य
सीएचसी में भी नहीं मिला
- मेरे परिजन को सांप ने काट लिया था। सीएचसी पर इंजेक्शन नहीं मिल पाया तो एसएन इमरजेंसी लेकर आया, यहां भी नहीं मिला तो बाजार से खरीदकर लगवाया। - सुरेंद्र सिंह, पिनाहट
900 रुपये का खरीदा
- सांप काटने के इंजेक्शन के लिए 900 रुपये खर्च करने पड़े, एसएन और सरकारी अस्पताल में इंजेक्शन नहीं मिलने पर मजबूरी में खरीदना पड़ा। - वीरेंद्र चाहर, फतेहपुर सीकरी