अनामिका शुक्ला प्रकरण के बाद एक ही नाम से अलग-अलग स्थानों पर शिक्षा विभाग में नौकरी करने वालों का खुलासा हो रहा है। मैनपुरी जिले के जागीर विकास खंड में तैनात एक शिक्षिका ने अपने पैनकार्ड से फर्रुखाबाद जिले में तैनात शिक्षिका का वेतन जारी होने की शिकायत की है।
शिकायत पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मैनपुरी ने बीएसए फर्रुखाबाद को पत्र लिखा है। मैनपुरी में तैनात शिक्षिका अनीता सिंह की भी जांच शुरू करा दी गई है।
विकास खंड जागीर के प्राथमिक विद्यालय कैलई में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत शिक्षिका अनीता सिंह ने बीएसए विजय प्रताप सिंह को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उनके पैनकार्ड से जनपद फर्रुखाबाद के विकास खंड राजेपुर में तैनात एक शिक्षिका का वेतन जारी हो रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने बीएसए फर्रुखाबाद को पत्र लिखकर जानकारी दी। अनीता सिंह के अभिलेखों की जांच भी शुरू करा दी। मैनपुरी में तैनात अनीता की नियुक्ति वर्ष 2006 में की गई। जबकि फर्रुखाबाद में तैनात अनीता सिंह की नियुक्ति वर्ष 2009 में की गई।