आगरा। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर बुधवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कड़ा रुख अपनाया। समीक्षा बैठक में उन्होंने बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।
निर्माण कार्यों से जुड़ी शिकायतों के संबंध में जानकारी न दे पाने पर सहायक अभियंता (एई) और अवर अभियंताओं (जेई) को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर आयुक्त ने कहा कि केवल कागजी निस्तारण कतई स्वीकार्य नहीं होगा। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण कराएं। शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद उसके हस्ताक्षर लें और स्थल की फोटो सहित आख्या पोर्टल पर अपलोड करें।
उन्होंने मुख्य अभियंता (विद्युत) को प्रभारी बनाकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय, मुख्य अभियंता अजय कुमार राम और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा सहित अन्य जोनल व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।