07एमएनपी-07-कलक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क में कटोरा लेकर धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर की दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन ने कलक्ट्रेट में धरना दिया। उन्होंने हाथ में कटोरा लेकर पहले धरना दिया, इसके बाद प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता शाक्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां तिकोनिया पार्क में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए हाथ में कटोरा लेकर धरना दिया। इसके बाद उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण क्षेत्रों में निजीकरण का प्रस्ताव वापस लेने, वेतन 21 हजार रुपये प्रतिमाह करने, दस हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने और निशुल्क राशन आदि की मांग की। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी धरना जारी रहेगा। धरने में राजरानी, सुषमा देवी, कुसमा देवी, विमला देवी, रजनी देवी, सरोजना आदि मौजूद रहीं।