पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) गोपाल गुप्ता ने बुधवार सुबह करीब आठ बजे ताजमहल की सुरक्षा परखी। उन्होंने सुरक्षा इंतजाम और पुख्ता करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा येलो जोन की सुरक्षा के लिए 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सुरक्षा में एक कंपनी पीएसी बढ़ाई जाएगी। पीएसी के जवानों के लिए महताब बाग की ओर फ्रेबीकेटेड हट्स बनाए जाने का काम तेजी से चल रहा है।
उन्होंने बसई घाट और दशहरा घाट पर यमुना की ओर से भी सुरक्षा इंतजाम देखे। रेड जोन में सीआईएसएफ के अधिकारियों के साथ ताज के अंदर की व्यवस्थाएं देखीं। इसके पूर्व सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ताज पर हवाई हमले की सूरत में इससे निपटने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जरूरत है।
इसके अलावा ताज का स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) बनाए जाने की जरूरत है। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों के विशेषज्ञों से भी मश्विरा लिया जाएगा। जल्द ही एसओपी तैयार की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से पर्यटकों का सामान दुकानों पर रखने वाले दुकानदारों को हतोत्साहित किया जाएगा। शिल्पग्राम से ताज के पूर्वी गेट की ओर बंद पड़ी दुकान और गुमटियों की भी नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे के फुटेज छह माह तक सुरक्षित रखने और महताब बाग की पूर्वी दिशा में बनाई जाने वाली पीएसी के जवानों की फ्रेबिकेटेड हट्स को 45 दिन के भीतर तैयार कराने को कहा गया। इस मौके पर एसएसपी राजेश डी. मोदक, सीओ ताज सुरक्षा अवनीश कुमार, सीओ सदर असीम चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।