अछनेरा। तहसील किरावली के गांव ताजपुर नगरिया में सरकारी गूल पर कब्जे की शिकायत गांव के पूर्व प्रधान चंद्रभान सिंह ने तहसील में की थी। शिकायत की जांच करने पहुंचीं क्षेत्रीय लेखपाल ज्योति चाहर की अमर्यादित भाषा की एक ऑडियो बुधवार को वायरल हुआ। लेखपाल पर आरोप है कि उन्होंने कब्जा हटवाने के बजाय शिकायतकर्ता को धमकियां दीं। पीड़ित ने इसकी शिकायत तहसीलदार किरावली से की है।
पूर्व प्रधान का आरोप है सरकारी गूल पर कब्जा किया गया है। उन्होंने एसडीएम किरावली से इसकी शिकायत की थी। आरोप है कि लेखपाल जांच के लिए पहुंचीं तो सही तरीके से पैमाइश नहीं की। विरोध करने पर उन्हें धमकी दी। पूर्व प्रधान ने इसकी शिकायत 22 जून को मुख्यमंत्री संदर्भ पोर्टल पर दर्ज कराई थी, लेकिन उच्चाधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। वहीं लेखपाल का कहना है कि शिकायतकर्ता का मकान सरकारी गूल गाटा सख्या 121 में बना हुआ है। मैंने इसकी नाप की, तो शिकायतकर्ता ने अपने समर्थकों के साथ धमकाया। मामले में तहसीलदार किरावली दीपांकर ने बताया कि पूर्व प्रधान की ओर से शिकायत की गई है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी।