टूंडला (फिरोजाबाद)। नगला रामकिशन में बृहस्पतिवार की रात को असामाजिक तत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी जानकारी लोगों को शुक्रवार सुबह हुई तो उन्होंने दूसरी प्रतिमा लगाने के लिए हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सीओ ने लोगों को समझाया और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सही कराया।
नगला रामकिशन के ग्रामीण सुबह बाहर निकले तो डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली। थोड़ी ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर लाइनपार चौकी प्रभारी अनिल कुमार पहुंचे। लोगों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा की जगह दूसरी प्रतिमा लगाने की मांग करते हुए हंगामा किया। थोड़ी देर में सीओ देवेंद्र कुमार गांव पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया। उन्हें आश्वस्त किया कि जिसने भी यह हरकत की है, उसे जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने क्षतिग्रस्त प्रतिमा सही कराने की बात कही। इस पर ग्रामीण नहीं माने और नई प्रतिमा लगाने की मांग पर अड़े रहे। काफी समझाने के बाद ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सही कराया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
सूचना अधिकार टास्क फोर्स के जिला चेयरमैन व कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष डॉ. बीएस गौतम, भीम आर्मी के मंडल प्रमुख गुलाब सिंह, कुलदीप सिंह, साबिर अली, गौरव कुमार, सत्यम, रंजीत सिंह, संजीव कुमार, राकेश कुमार, शंकरलाल, टीटू, बच्चू सिंह, अमित कुमार, मुल्तान सिंह, ललित जाटव, योगेश बौद्ध, पुष्पेंद्र सिंह, ब्रजकिशोर, रामकिन्कर, चंद्रप्रकाश, राजकमल सहगल, भूरी सिंह, रामगोपाल, ब्रजेश कुमार, आकाश कुमार, दीपक, राजेश कुमार, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।