पटियाली। कोतवाली क्षेत्र के गांव बीनपुर में सोमवार को अराजकतत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा की अंगुली तोड़े जाने से ग्रामीणों व अनुयायी में आक्रोश पनप गया। एडीएम, एएसपी सहित अन्य अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर आक्रोशित भीड़ को समझाया। दूसरी प्रतिमा लगने के बाद ग्रामीण शांत हुए। बसपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने भी गांव पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी की।
पटियाली-अलीगंज हाईवे मार्ग पर गांव बीनपुर निवासी विपिन ने अपने खेत पर आंबेडकर प्रतिमा स्थापित कर पार्क बनाया था। रविवार की रात अराजकतत्वों ने पार्क में लगी आंबेडकर प्रतिमा की अंगुली तोड़ दी। सोमवार की सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना किसी ने फोन कर पुलिस को दी।
सूचना पर पटियाली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। जानकारी पर एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह, एएसपी सुशील कुमार, एसडीएम प्रदीप कुमार विमल, सीओ संदीप वर्मा, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पार्क में दूसरी प्रतिमा रखवाने की उनसे मांग की। प्रतिमा निजी जमीन पर बने पार्क में लगाई थी। अधिकारियों ने विपिन से दूसरी प्रतिमा लगवाने के लिए कहा। पार्क में दूसरी प्रतिमा को लगवाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए।
बसपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह प्रधान सहित अन्य नेता गांव में पहुंचे और आक्रोशित लोगों से वार्ता कर मामला शांत कराया। सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि गांव बीनपुर में क्षतिग्रस्त आंबेडकर प्रतिमा के स्थान पर दूसरी प्रतिमा को लगवा दिया है। मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
-
गांव बीनपुर पहुंचा सपा प्रतिनिधिमंडल
पटियाली। गांव बीनपुर में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की सूचना पर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में गांव पहुंचा। उन्होंने लोगों से मुलाकात की। प्रशासन से इस घटना की गंभीरता से जांच कराए जाने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने कहा कि बाबा साहब देश के संविधान निर्माता हैं। उनकी प्रतिमा को क्षति पहुंचाना राष्ट्र विरोधी मानसिकता का प्रतीक है। सपा ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान विनय कुशवाहा, रोहित यादव, हसमत अली, राजू बघेल, राज सिंह यादव, मारूफ कुरैशी, लालू यादव और मोहित यादव शामिल रहे।