मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नाम वापसी की तिथि नजदीक आने के साथ-साथ सियासी सरगर्मी तेज होती जा रही है। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही रैलियां जोर पकड़ रही हैं। अखिलेश यादव ने यादवों का गढ़ कहे जाने वाले करहल विधानसभा क्षेत्र में पिछले दिनों डिंपल यादव के लिए चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया।
इन मतदाताओं को रिझाने का प्रयास
चर्चा का विषय यह है कि कार्यालय का उद्घाटन सपा के स्टार प्रचारकों ने नहीं बल्कि अनुसूचित जाति (एससी) की महिला राजकुमारी रावल ने किया। राजनीतिक जानकारों का मानना है अखिलेश ने यह दांव खेलकर अनुसूचित जाति और महिला मतदाताओं को रिझाने का प्रयास किया है।
दरअसल यादवों का एकमुश्त वोट हमेशा से ही सैफई परिवार के पक्ष में पड़ता रहा है। जातिगत आंकड़ों को देखें तो मैनपुरी विधानसभा क्षेत्र में दूसरे नंबर पर शाक्य मतदाता हैं। इन्हीं मतों को साधने के लिए पूर्व मंत्री आलोक शाक्य को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद तीसरे नंबर पर सर्वाधिक मतदाता अनुसूचित जाति के हैं।