ट्रैफिक मिलने से इस साल गर्मियों में एयर इंडिया ने बंद नहीं की उड़ान संख्या एआई-406
ताजनगरी के पर्यटन उद्योग के लिए खुशखबर है। एयर इंडिया की आगरा में एकमात्र फ्लाइट एआई-406 गर्मी में बंद नहीं होगी। यह फ्लाइट दिल्ली-बनारस-आगरा-खजुराहो रूट पर अक्तूबर तक जारी रहेगी। एयर इंडिया ने डीजीसीए (डायरेक्ट्रेट जनरल आफ सिविल एविएशन) को अपना समर सीजन फ्लाइट शेड्यूल सौंपा है, जिसमें एयरबस-319 के जरिए आगरा फ्लाइट को अक्तूबर तक सोमवार, बुधवार, शनिवार को लाने का ब्योरा दिया गया है।
साढ़े तीन साल पहले नागरिक उड्डयन मंत्री अजित सिंह की पैरवी के बाद आगरा में एयर इंडिया की फ्लाइट शुरू हो सकी थी। टूरिस्ट सीजन खत्म होने के बाद अप्रैल में हर साल एयर इंडिया ने विमानों की कमी बताकर फ्लाइट को बंद कर दिया। सीजन शुरू होते ही अक्तूबर से मार्च के बीच सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को यह खेरिया एयरपोर्ट पर चलती रही। यह पहला मौका है, जब एयर इंडिया ने फ्लाइट नंबर एआई-406 को गर्मी में बंद नहीं किया है। दिल्ली से बनारस के बाद यह आगरा और फिर खजुराहो जाएगी। दरअसल, टूरिस्ट सीजन के दौरान एयर इंडिया को बनारस-आगरा-खजुराहो रूट पर जबरदस्त रिस्पांस मिला है।
31 मिनट लेट पहुंची फ्लाइट
खेरिया एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की एकमात्र फ्लाइट एआई-406 बुधवार को 31 मिनट देरी से पहुंची। दिल्ली से यह 43 मिनट की देरी से 11.08 बजे चली। वाराणसी में भी यह 45 मिनट लेट पहुंची, लेकिन आगरा में यह 31 मिनट लेट हुई। खेरिया एयरपोर्ट से 2:26 पर उड़ान भरकर फ्लाइट खजुराहो 3.35 पर पहुंची। गर्मी में भी फ्लाइट को अच्छा ट्रैफिक मिला है। टूरिस्ट सीजन अक्तूबर से मार्च तक फ्लाइट में 70 से 80 फीसदी तक आक्यूपेंसी रेट रहा है।
एयरपोर्ट अथारिटी चेयरमैन से की एयरपोर्ट की मांग
आगरा। सिविल सोसायटी ने एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के चेयरमैन से आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की मांग की। उन्हें सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि दिल्ली से 200 किमी दूरी पर आगरा सबसे बेहतर स्थान है, इससे यूपी के साथ मध्य प्रदेश और राजस्थान के जिलों को भी फायदा पहुंचाएगा। रेलवे ने आगरा के टूरिस्ट ट्रेड की जरूरत पहचानी है। पहले ताज एक्सप्रेस और अब गतिमान के जरिए रेलवे ने सुविधा शुरू की, लेकिन एयरपोर्ट अथारिटी अब तक 70 लाख से ज्यादा पर्यटकों को लुभाने वाले शहर की जरूरत को पहचान नहीं सका। संयोजक अनिल शर्मा के मुताबिक, नगर निगम सदन प्रस्ताव भी पारित कर चुका है।