रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत एयर डेक्कन दिल्ली-आगरा रूट पर 14 जून से 31 अगस्त के बीच उड़ान शुरू कर सकती है। एयर डेक्कन ने वेबसाइट पर दिल्ली आगरा उड़ान का शेड्यूल जारी किया है।
जिसके मुताबिक सप्ताह में 6 दिन यह उड़ान रहेगी और 19 सीटर विमान आगरा-दिल्ली के बीच उड़ान भरेगा। एयर डेक्कन की वेबसाइट पर जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक कंपनी बीचक्राफ्ट 1900डी विमान को दिल्ली-आगरा के बीच चलाएगी।
यह 19 सीटर विमान है, जो दिल्ली एयरपोर्ट से शाम 6:50 बजे चलेगा और रात 8 बजे आगरा पहुंचेगा। आगरा से यह 8:15 बजे रवाना होगा और रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
70 मिनट का सफर इस विमान से होगा। 14 जून से इसकी बुकिंग शुरू की गई है जो 31 अगस्त तक चलेगी। वेबसाइट पर दिल्ली-आगरा फ्लाइट का किराया 1860 रुपये दिखाया जा रहा है।
एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की निदेशक कुसुम दास के मुताबिक एयर डेक्कन की दिल्ली आगरा उड़ान के संबंध में अभी तक उनके पास कोई जानकारी नहीं आई है।
अगर वेबसाइट पर बुकिंग हो रही है तो संभव है कि अगले सप्ताह तक प्राधिकरण से शेड्यूल जारी कर दिया जाए। डेक्कन चार्टर को एक साल पहले उड़ान योजना के तहत दिल्ली-आगरा रूट आवंटित किया गया था।
जारी हुआ था सहमति पत्र
पिछले साल ही उसे सहमति पत्र भी जारी कर दिया गया था। 8 दिसंबर को जयपुर आगरा के बीच एलायंस एयर की सेवा शुरू होने के बाद 8 जनवरी से एयर डेक्कन की सेवा शुरू करने का एलान नागरिक उड्डयन मंत्री ने किया था।
इसके बाद भी फ्लाइट शुरू नहीं हो सकी। अब 14 जून से उड़ान का दावा किया जा रहा है। आगरा-जयपुर फ्लाइट फिलहाल बंद चल रही है।