आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की दोपहर को युवक ने घर में घुसकर सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।बच्ची के छोटे भाई ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर जमा हो गए। लोगों को आता देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पिटाई की। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
सात साल की बच्ची अपने छोटे भाई के साथ घर में थी। मां काम करने के लिए खेत पर और पिता मजदूरी करने के लिए गए थे। इसी बीच गांव का एक युवक वहां पहुंच गया।
उसने बच्ची के छोटे भाई को रुपये देकर दुकान पर भेज दिया। इसके बाद घर का दरवाजा बंद करके बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। थोड़ी देर बाद बच्ची का भाई घर पर पहुंच गया।
अंदर से बहन के रोने की आवाज सुनी तो उसने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन नहीं खुला। इस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। यह सुनकर पड़ोसी मौके पर जमा हो गए।
उन्होंने दरवाजे को खुलवाया। दरवाजा खोलते ही युवक भागने लगा। इस पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की बेटी के साथ घटना की जानकारी होते ही उसकी मां घर पहुंच गई।
एसएसपी भी मौके पर पहुंचे
ग्रामीणों ने तत्काल सूचना 100 नंबर पर दी। कुछ ही देर में सीओ नम्रता श्रीवास्तव फोर्स के साथ पहुंच गईं। उन्होंने बच्ची और उसकी मां से पूछताछ की। बाद में आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गईं।
सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है। बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा है। घटना की जानकारी होते ही एसएसपी अमित पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची और उसकी मां से घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी इससे पहले भी एक अन्य बच्ची के साथ दुष्कर्म कर चुका है लेकिन तब सामाजिक दबाव के चलते केस दर्ज नहीं कराया गया था। अलीगढ़ जिले में उस पर चोरी का केस चल रहा है। इसमें वह जेल भी गया था।