फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra Divas: शरद पूर्णिमा पर मनाया जाएगा आगरा दिवस, छह दिन तक ताजनगरी में होगा उत्सव

Sat, 20 Aug 2022 04:19 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

आगरा दिवस हर साल शरद पूर्णिमा को मनाया जाएगा। महापौर नवीन जैन ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। आगरा दिवस के तहत सप्ताहभर शहर में उत्सव का माहौल रहेगा। विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 
विज्ञापन
ताजमहल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शरद पूर्णिमा पर आगरा दिवस मनाया जाएगा। मेयर नवीन जैन ने शनिवार को इसकी घोषणा की। इस बार शरद पूर्णिमा नौ अक्तूबर को है। मेयर ने बताया कि शरद पूर्णिमा के दिन आगरा दिवस मनाया जाएगा, क्योंकि अश्विन मास की पूर्णिमा को शरद पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। 

विज्ञापन


भगवान श्रीकृष्ण ने इसी दिन ब्रज क्षेत्र में महारास रचाया था। आगरा में सफेद संगमरमर से बना मुगलकालीन स्मारक ताजमहल, इस तिथि पर धवल चंद्रमा की चांदनी में अत्यंत आनंदित होता है। पूर्व में इस तिथि पर ताजमहल में रात्रि दर्शन की व्यवस्था के साथ ही आसपास के क्षेत्र में एक मेले जैसा माहौल होता था।

वर्ष 1984 में सुरक्षा कारणों से ताजमहल का रात्रि दर्शन बंद हो गया था। वर्ष 2004 से कुछ प्रतिबंधों के साथ शरद पूर्णिमा के अवसर पर ताजमहल का रात्रि दर्शन फिर से प्रारंभ हो गया है। लेकिन अब पहले जैसी रौनक नहीं रही है।

विज्ञापन

आगरा के महापौर नवीन जैन - फोटो : अमर उजाला

हर साल शरद पूर्णिमा पर मनेगा आगरा दिवस

महापौर नवीन जैन ने बताया कि इस तिथि की भारतीय समाज में सांस्कृतिक महत्ता एवं आगरा की दृष्टि से इसके महत्व को देखते हुए समिति के अधिकांश सदस्यों का मत रहा कि शरद पूर्णिमा की तिथि पर ही आगरा दिवस का उत्सव मनाया जाए। हर साल शरद पर आगरा दिवस के कार्यक्रम होंगे। 

महापौर नवीन जैन ने कहा कि आगरा दिवस को पूरे शहर में एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसके तहत सप्ताहभर शहर में जगह-जगह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिससे शहर के लोग आगरा दिवस से भावनात्मक रूप से जुड़ सकें। 

पांच से 10 अक्तूबर तक होंगे कार्यक्रम

महापौर ने बताया कि आगरा दिवस की तिथि घोषित करने के साथ ही इस उत्सव में सभी शहर वासियों को जोड़ने के लिए आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जिसके तहत पांच अक्टूबर 2022 से 10 अक्टूबर 2022 तक आगरा शहर में विभिन्न जगहों पर कई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन

ये होंगे कार्यक्रम 

  • पांच अक्तूबर को ड्राइंग एवं कार्टून प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी स्कूलों के बच्चे प्रतिभाग करेंगे।
  • छह अक्टूबर को नाट्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर की नाट्य संस्थाओं द्वारा विभिन्न नाटकों की प्रस्तुति होगी।
  • सात अक्टूबर को शहर के प्रमुख चौराहों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। 10 प्रमुख चौराहे पर विभिन्न म्यूजिकल / डांस ग्रुप के द्वारा सिंगिंग एवं डांस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
  • आठ अक्टूबर को कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। 
  • नौ अक्टूबर को आगरा शहर में सुबह नगर रैली का आयोजन किया जाएगा। 
  • 10 अक्टूबर को नगर श्री अवार्ड समारोह का आयोजन किया जाएगा,  जिसमें विभिन्न शख्सियतों का सम्मान किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें