उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे के बीच हुई। बुधवार की तरह ही दृश्यता लगभग शून्य रही। सड़कों पर वाहन लाइट जलाकर रेंगते रहे। मौसम का सबसे घना कोहरा बुधवार की सुबह देखने को मिला। दोपहर एक बजे तक सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर तक कोहरा बना रहेगा।
घने कोहरे की वजह से अभिभावकों ने जिलाधिकारी से स्कूलों में अवकाश करने की मांग की थी। बुधवार रात को जिलाधिकारी की तरफ से 28 दिसंबर को सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा। कोई स्कूल खुला मिला, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
कोहरे की वजह से परिवहन निगम की बसें भी प्रभावित हो रही हैं। रात के समय में यात्री कम निकल रहे हैं। उसके बाद भी यात्रियों को बसों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बस परिचालक 25 सवारी से कम होने पर बस ले जाने को तैयार नहीं होते हैं। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि कोहरे को लेकर निर्देश जारी किए जा चुके है। रात में अधिक सवारी होने पर ही बस चलाई जाएंगी।