फिरोजाबाद जिले के हाथवंत ब्लाक के एडीओ पंचायत रक्षपाल सिंह को आगरा से आई विलिजेंस की टीम ने 60 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। एडीओ द्वारा अंत्येष्टि स्थल की फाइल को आगे बढ़ाने के नाम पर ठेकेदार से रुपयों की मांग की थी। ठेकेदार ने एडीओ पंचायत की शिकायत विलिजेंस टीम से की थी। शिकायत के आधार पर टीम ने योजनानुसार एडीओ पंचायत को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। टीम उन्हें अपने साथ आगरा ले गई।
आगरा के थाना ताजगंज के शमशाबाद रोड मोहल्ला इंद्रपुरी निवासी रोहित कुमार पुत्र लालता प्रसाद आरके कंस्ट्रक्शन के नाम से खुद की फर्म रजिस्टर्ड है। फर्म से ब्लाक हाथवंत फिरोजाबाद की पंचायतों में काम किया जा रहा है। रोहित के द्वारा अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए पैसा स्वीकृत कराने को फाइल आवेदन की थी। जिसे आगे बढ़ाने के लिए हाथवंत ब्लाक के एडीओ पंचायत रक्षपाल सिंह के द्वारा 60 हजार रुपये की रिश्वत की डिमांड की गई थी। ठेकेदार ने एडीओ के द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत 15 जुलाई से आगरा विजिलेंस कार्यालय में की थी।
एसएसपी आगरा शगुन गौतम के निर्देशन में प्रभारी रवींद्र दुबे अपनी टीम के साथ शिकायत के आधार पर सक्रिय हो गए थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को सुबह विजिलेंस की टीम ब्लाक हाथवंत प्रांगण में पहुंच गई। विजीलेंस टीम ने अपने पास से कैमिकल लगे साठ हजार रुपये को संबंधित युवक को थमा दिया और उसके साथ टीम के सदस्यों को भेजा था। एडीओ पंचायत ने जैसे ही रिश्वत के पैसे हाथ में पकड़े। पीछे से आई विलिजेंस की टीम ने एडीओ को रंगे हाथ रिश्वत लेते दबोच लिया।
इतना ही नहीं टीम ने जब कैमिकल से हाथ धुलवाने के बाद टीम एडीओ पंचायत रक्षपाल सिंह को गिरफ्तार कर ब्लाक से बाहर ले आई और गाड़ियों से आगरा के लिए रवाना हो गई। आगरा विजीलेंस की टीम की इस कार्रवाई के बाद ब्लाक में हड़कंप मच गया। विजीलेंस टीम के प्रभारी रवींद्र दुवे ने बताया एडीओ पंचायत रक्षपाल सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मेरठ न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिश्वत लेने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
15 जुलाई से निगरानी कर रहे थी विजीलेंस की टीम
विजीलेंस टीम के अफसरों की मानें तो शिकायत मिलने के बाद से ही टीम लगातार निगरानी कर रही थी। इसके लिए टीम में शामिल स्टाफ ठेकेदार का कर्मचारी बनकर एडीओ पंचायत की खुद ही पहचान कर रहे थे। पूरी निगरानी करने के बाद एसएसपी विजिलेंस शगुन के निर्देशन में कार्रवाई की है।