कमला नगर में पूजा सामग्री व्यापारी से बाइक सवार दो बदमाश तमंचा तानकर 2.50 लाख रुपये, दो मोबाइल और टैबलेट से भरा बैग लूट ले गए। बदमाश दुकान से ही व्यापारी का पीछा कर रहे थे। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।
आगरा के कमला नगर के जी ब्लॉक में मंगलवार देर रात पूजा सामग्री व्यापारी नंदन गुप्ता के साथ बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध पर तमंचा तान दिया। बाद में 2.50 लाख, दो मोबाइल और टैबलेट से भरा बैग लूटकर ले गए।
विज्ञापन
कमला नगर जी ब्लॉक निवासी नंदन गुप्ता की मनकामेश्वर मंदिर के पास रावत पाड़ा में पोशाक और पूजा की सामग्री की दुकान है। वो दुकान बंद कर घर आ रहे थे। उनके साथ कर्मचारी भी था। रास्ते में कर्मचारी उतर गया। नंदन गुप्ता घर पहुंचने वाले ही थे कि पीछे से बाइक पर दो बदमाश आए। उन्हें रोक लिया। विरोध तमंचे से धमकाया।
उनके हाथ में लगा रुपयों से भरा बैग ले गये। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की तलाश में लगी है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि रात में नंदन गुप्ता स्कूटी से अपने घर आ रहे थे। सीसीटीवी कैमरे में दो बदमाश नजर आए हैं। इनमें से आगे वाले ने मास्क पहन रखा है जबकि पीछे बैठे बदमाश में टोपी लगा रखी है। वह दुकान से ही पीछे लगे। इसके बाद सुनसान रास्ते पर आने पर वारदात को अंजाम दिया। उनकी धर पकड़ के लिए टीम को लगाया गया है।