प्रदूषण के मामले में आगरा एक बार फिर देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर हो गया। रविवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी की गई एयर क्वालिटी इंडेक्स की सूची में आगरा देश के प्रदूषित शहरों की सूची में तीसरे स्थान पर रहा।
देश में सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर भिवाड़ी रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई- एयर क्वालिटी इंडेक्स) 299 और दूसरे नंबर पर सोनीपत 237 सूचकांक के साथ रहा। जबकि आगरा का एक्यूआई 228 रहा। इससे पूर्व भी आगरा में कई बार प्रदूषण उच्च स्तर पर पहुंच चुका है।
रविवार को जारी की गई वायु गुणवता सूचकांक की सूची में आगरा में सबसे ज्यादा धूल कणों की मात्रा पाई गई। खतरनाक कार्बन मोनोऑक्साइड सामान्य से 31 गुना ज्यादा मिला। जबकि बेहद सूक्ष्म पार्टिकुलेट मैटर 2.5 माइक्रोग्राम की मात्रा सामान्य से 5 गुना ज्यादा रही। शहर में प्रदूषक तत्व की मात्रा दोपहर 12 से 2 बजे तक और रात में 11 से 3 के बीच ज्यादा रही है।