आगरा: आवास विकास में सड़क खोदाई का काम जारी
- फोटो : अमर उजाला
यमुना किनारा रोड पर मरम्मत नहीं की
आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से 1200 एमएम व्यास की पानी की लाइन ताजगंज के लिए बिछाई जा रही है। वेदांत मंदिर के सामने गड्ढा है और पाइपलाइन जहां बिछी है, वहां सड़क का निर्माण नहीं हुआ। शाहजहां पार्क के सामने भी गड्ढा नहीं भरा गया, सड़क पर गिट्टी नहीं बिछाई गई।
लोहामंडी-बोदला रोड में सीवर लाइन का गड्ढा
जलनिगम की निर्माण इकाई ने गहरी सीवर लाइन बिछाई, लेकिन कुछ हिस्सा बाकी है। यहां मिट्टी के कारण हाल की बारिश से कीचड़ हो गई है। गढ़ी भदौरिया, आनंद नगर समेत कई हिस्सों में सड़क का निर्माण बाकी है। गिट्टियों को बिछाने का काम किया जा रहा था।
अलबतिया रोड-अवधपुरी में भी काम जारी
अवधपुरी से अलबतिया रोड पर पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम जलनिगम विश्व बैंक इकाई ने किया। यहां न गड्ढे भरे हैं और न ही गिट्टियां बिछाई गई हैं। कलाकुंज जैन मंदिर के सामने शाम को 4 बजे जेसीबी से खोदाई कर पाइपलाइन बिछाई जा रही थी।
30 जून तक का समय मांगा है
लोहामंडी-बोदला रोड पर थोड़ा हिस्सा बाकी है, बाकी सभी जगह हमने गिट्टियां बिछा दी हैं। हमने नगर निगम से बारिश होने तक और 30 जून तक का समय मांगा है। दिन-रात सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर कर रहे हैं ताकि मानसून में कहीं गड्ढा न रह जाए। -यदुनाथ सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, जलनिगम, निर्माण इकाई
नई खोदाई बंद कर दी गई है
स्मार्ट सिटी के कार्यों में जो खोदाई हो चुकी है, उसी को भरवा कर सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। नई खोदाई पूरी तरह से बंद करा दी गई है। मिट्टी की लेवलिंग, जीएसबी बिछाने का काम जारी है। पानी की लाइन की टेस्टिंग के कारण कुछ जगह गड्ढे खुले हैं जो चेकिंग के बाद बंद किए जाएंगे।
-आरके सिंह, नोडल अधिकारी, आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी
अमर उजाला पड़ताल: बारिश में तीन लाख लोगों को परेशान करेंगी सड़कें, आठ महीने बाद भी 'बदहाल'