निक्की यादव बनकर की थी दोस्ती
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि मऊ रोड स्थित नसीराबाद कॉलोनी निवासी कासिम कुरैशी ने निक्की यादव बनकर छह महीने पहले छात्रा से दोस्ती की थी। 15 जून को उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। तीन-चार दिन बाद जयपुर में रखा फिर आगरा लेकर आ गया।
अपने घर में ही उसका धर्म परिवर्तन कराया। निकाह कर लिया। अपने परिचित और रिश्तेदारों को भी भनक नहीं लगने दी। मामले में कासिम के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, बहला-फुसलाकर अपहरण, धर्म परिवर्तन कराने का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसके परिजनों को भी नामजद किया है।
पुलिस ने शनिवार को कासिम के पिता रईसुद्दीन, मां रुखसार, बहन सोनम कुरैशी, भाई शकील और कामिल को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी कासिम और धर्म परिवर्तन कराने वाले मौलवी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
तीन जिलों में मुख्य आरोपी की तलाश
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कासिम ने घर से भागने के बाद अपना मोबाइल बंद कर लिया है। उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही। आरोपी के पिता और अन्य से पूछताछ में उसके फिरोजाबाद, अलीगढ़ और हाथरस में छिपे होने की आशंका है। पुलिस की एक-एक टीम इन जिलों में दबिश दे रही हैं। कासिम के पकड़े जाने पर मौलवी का पता चलेगा। इसके बाद उसे भी जेल भेजा जाएगा।
छात्रा का कराया मेडिकल
पुलिस ने पीड़ित छात्रा का मेडिकल कराया है। हालांकि शनिवार को मेडिकल की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। छात्रा के गर्भवती होने के बारे में भी बताया गया है। इसकी पुष्टि के लिए पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने बयान भी दर्ज किए गए हैं। अब कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
मोहल्ले के लोगों में आक्रोश
पिता ने कहा था कि उन्हें आरोपी परिवार ने धमकाया था। इससे डरे हुए थे। बेटी के लौटने पर ही भाजपा विधायक से गुहार लगाई थी। पुलिस ने परिजनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। उधर, पीड़िता के मोहल्ले के लोग भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पहले भी आ चुके हैं मामले
पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दो मामले आ चुके हैं। न्यू आगरा और ताजगंज में भी मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उनमें पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके कार्रवाई की थी। हालांकि किसी रैकेट की बात सामने नहीं आई है।