घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर, पीएनजी, सीएनजी के बाद पेट्रोल के बढ़े भावों से लोगों पर महंगाई की मार पड़ी है। आगरा में पहली बार पेट्रोल के दाम प्रति लीटर 100 रुपये के पार पहुंच गए हैं। घरेलू गैस सिलिंडर भी 15 रुपये और महंगा हो गया है। इससे सामान्य परिवारों की आर्थिक बोझ बढ़ा है।
आगरा में पेट्रोल की कीमत 100.02 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल के दाम 91.91 रुपये पर पहुंच गए। गुरुवार की सुबह छह बजे से नई दरें लागू हो गई हैं। आगरा पेट्रोल पंप ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश मल्होत्रा ने बताया कि जिले में 200 से अधिक पेट्रोल पंप हैं। पेट्रोल 100.02 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पेट्रोल के भाव पहली बार 100 रुपये के पार हुए हैं।
विज्ञापन
ऐसे बढ़े पेट्रोल के दाम
एक जनवरी: 83.62 रुपये
एक फरवरी: 85.62 रुपये
एक मार्च: 89.32 रुपये(76 पैसे कम हुए)
एक अप्रैल: 88.56 रुपये
एक मई: 88.73 रुपये
एक जून: 91.56 रुपये
एक जुलाई: 96.01 रुपये
एक अगस्त: 98.96 रुपये
एक सितंबर: 99.13 रुपये
छह सितंबर: 100.02 रुपये
ये हैं भाव
घरेलू सिलिंडर: 912.50 रुपये
व्यावसायिक सिलिंडर: 1771.50
पेट्रोल:100.02 रुपये
डीजल: 91.91 रुपये
सीएनजी: 68.10 रुपये
पीएनजी: 35.50 रुपये
सिलिंडर पर 15 रुपये बढ़े
घरेलू गैस सिलिंडर 15 रुपये और महंगा हो गया है। अब इसके दाम 912.50 रुपये हो गई है। 14 किलो के घरेलू सिलिंडर के बीती जुलाई से हर महीने भाव बढ़ रहे हैं। इस साल जनवरी से अब तक 205 रुपये की बढ़ोत्तरी हो चुकी है।
ऑल इंडेन गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन आगरा संभाग अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि अगस्त में सिलिंडर 897.50 रुपये का आ रहा था। सब्सिडी के तौर पर 12.29 रुपये खाते में पहुंच रहे हैं। अब 15 रुपये की और बढ़ोत्तरी होने पर कीमत 912.50 रुपये हो गई है।
जनवरी से अक्तूबर तक 10 महीने में 205 रुपये बढ़े हैं। जनवरी में सिलिंडर की कीमत 707 रुपये थी, जो अब 912.50 रुपये हो गई है। पांच किलो के सिलिंडर पर 5.50 रुपये बढ़े हैं। अब यह 336.50 रुपये का मिलेगा।
19 किलो के सिलिंडर पर 2.50 रुपये की कमी
इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन आगरा डिवीजन के अध्यक्ष संतोष सिकरवार ने बताया कि 19 किलो के व्यावसायिक सिलिंडर की कीमत में 2.50 रुपये की कमी आई है। अब यह 1771.50 रुपये का मिलेगा। इससे पहले यह सिलिंडर 1774 रुपये का मिल रहा था।
'पड़ रही दोहरी मार'
ट्रांसयमुना कॉलोनी की नीलम सिंह ने कहा कि गैस सिलिंडर पर हर महीने दाम बढ़ रहे हैं, कोरोना महामारी के बाद से आमदनी भी कम हो गई है। ऐसे में परिवारों पर दोहरी मार पड़ रही है। गैस पर सब्सिडी बढ़ा दें तो भी राहत मिले।
'बढ़ गया घर का खर्च'
खंदारी चौराहा की गीता सारस्वत ने कहा कि गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने पर पीएनजी लगवाई, अब इसके दाम भी बढ़ रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम भी रोज बढ़ रहे हैं, इससे घर का खर्च बढ़ गया है। सरकार को इनकी कीमतों पर लगाम लगानी चाहिए।
'सरकार कम करे कीमत'
हीराबाग की ऊषा सिंह ने कहा कि पीएनजी के दाम बढ़ गए हैं और सिलिंडर में भी राहत नहीं हैं। हर महीने कीमत बढ़ रही है, कोरोना महामारी में आमदनी पर भी असर पड़ा है। सरकार कीमत कम करे तो राहत मिले।
'महंगाई पर काबू पाए सरकार'
नूरी गेट निवासी मिनी अग्रवाल ने कहा कि सिलिंडर के दाम हर महीने बढ़ रहे हैं, आम आदमी के परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। अब तो पेट्रोल भी 100 रुपये से पार हो गया है। महंगाई पर सरकार नियंत्रित करना चाहिए।
'घर चलाना मुश्किल हुआ'
सिकंदरा की रेनू खंडेलवाल ने कहा कि पेट्रोल, सिलिंडर, पीएनजी, सीएनजी सब कुछ महंगा हो गया है। सीमित आमदनी वाले परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो रहा है। सरकार को कीमत कर राहत देनी चाहिए।