रेल लाइन पर पुल निर्माण की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
अछनेरा। गांव नागर में चकरोड़ संख्या-24 पर निर्माणाधीन कीठम-भांडई बाईपास रेल लाइन से बंद किए जाने के विरोध में किसानों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह धरना गांव नागर स्थित अचल सिंह भगत के अड्डे पर शुरू हुआ।
किसानों का कहना है कि रेल लाइन निर्माण के दौरान चकरोड़ बंद कर दिए जाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा, जिससे खेती-बाड़ी और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने स्पष्ट कहा कि वे हर कीमत पर पुल निर्माण की मांग पूरी करवाकर ही धरना समाप्त करेंगे। धरने का नेतृत्व किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह और धीरज सिकरवार ने किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता और किसानों की समस्याओं की अनदेखी से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। धरने के दौरान चौकी प्रभारी कुकथला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
धरने में दाताराम लोधी, सोनू चौधरी, बाबूलाल वाल्मीकि, मुकेश सविता, सूरज चौधरी, बलबीर सिंह, सुखपाल सिंह, अचल सिंह, दीवान सिंह, दर्याब सिंह, गोविंद सिंह, राहुल चौधरी, प्रीतम सिंह, मेंबर सिंह, चंद्रवीर, सचिन मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक पुल निर्माण की स्वीकृति नहीं मिलती, तब तक धरना जारी रहेगा।