खेरागढ़ पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद लगाया ताला
खेरागढ़। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र लवानिया, जिला निरीक्षक जगपाल चाहर, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरके सिंह शनिवार को कस्बा स्थित मयूर हॉस्पिटल की जांच करने पहुंचे। टीम को हॉस्पिटल में सिर्फ खाली बेड ही मिले। जिसके बाद टीम ने हॉस्पिटल में ताला लगा दिया। साथ ही खेरागढ़ थाने पर संचालक नरेंद्र उर्फ नंदू निवासी ग्राम चीत के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में हाॅस्पिटल का निरीक्षण किया गया।
आरोपी संचालक की ओर से हॉस्पिटल से सभी साक्ष्य नष्ट किए गए हैं। निरीक्षण दल ने आईटी हॉस्पिटल सेवला के निरीक्षण के दौरान साक्ष्य संरक्षित एवं एकत्रित करते हुए रिपोर्ट तैयार की है। गांव भाकर निवासी प्रसूता की शुक्रवार को मौत हो गई थी। प्रसूता को मंगलवार को प्रसव के लिए मयूर हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, जहां से संचालक महिला को प्रसव के लिए सेवला के आईटी अस्पताल में ले गया। प्रसव के बाद खेरागढ़ ले आया। बृहस्पतिवार को महिला की तबियत बिगड़ने पर आगरा के जीवन रेखा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, जहां शुक्रवार को महिला की मौत हो गई थी। हॉस्पिटल संचालक के खिलाफ परिजन ने भी शुक्रवार को केस दर्ज कराया था। संवाद