बाह। जैतपुर में एसीएमओ डॉ. जितेंद्र लवानिया की टीम ने छापेमारी की। पूर्व में दिए नोटिस के बाद भी कस्बे में क्लीनिक संचालित मिला। क्लीनिक संचालक ने नोटिस का जवाब भी नहीं दिया था। लिहाजा एफआईआर दर्ज कराने के लिए जैतपुर थाने में तहरीर दी है।
जैतपुर में अनिल कुमार की क्लीनिक पर छापा मारा, क्लीनिक संचालक रजिस्ट्रेशन आदि कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। उनको नोटिस जारी कर रजिस्ट्रेशन संबंधी कागज प्रस्तुत करने तक क्लीनिक बंद रखने की चेतावनी दी। जैतपुर में छापेमारी के दौरान झोलाछाप अपनी क्लीनिक बंद कर भूमिगत हो गए। इसके बाद टीम चित्राहाट पहुंची। चित्राहाट में मुकेश कुमार, मनोज कुमार के क्लीनिक खुले मिले। मरीजों का इलाज हो रहा था। एसीएमओ ने बताया कि उनको नोटिस जारी कर अभिलेख प्रस्तुत करने तक क्लीनिक बंद रखने की हिदायत दी।
चित्राहाट में रंगबाजी में भिड़े, 4 गिरफ्तार
बाह। चित्राहाट के नगला इमली गांव में दो पक्ष रंगबाजी में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जम कर लात घूसें चले। झगड़े मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने के बाद भी दोनों पक्ष झगड़े पर आमादा थे। लिहाजा पुलिस ने पहले पक्ष के प्रेमवीर, रामानंद, दूसरे पक्ष के रामवीर, श्याम वीर को गिरफ्तार कर लिया। एसओ चित्राहाट ने बताया कि चारों का शांतिभंग में चालान कर दिया है। इधर बाह के नरहौली गांव में पड़ोसी से हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने प्रवेन्द्र उर्फ छुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।