बाह। मढ़ेपुरा गांव में मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे किसान ओमप्रकाश उर्फ पप्पू (40) ने अपने घर में जान दे दी। परिजन के मुताबिक वह लंबे समय से बीमारी से तंग थे, जिसके कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मढ़ेपुरा निवासी ओमप्रकाश के पास 4 बीघा जमीन है, जिस पर उन्होंने बाजरा की फसल की थी। चचेरे भाई बंटू ने बताया कि मंगलवार सुबह वह परिजनों के साथ खेत पर बाजरा की निकासी के लिए गए थे। दोपहर को वह घर के लिए निकले और वहां जाकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजन में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिया है।
बॉक्स
बेटी के रिश्ते की थी चिंता, परिवार में कोई नहीं कमाने वाला
बीमारी से जूझ रहे ओमप्रकाश अपनी 17 वर्षीय बेटी अंजलि की शादी के लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे। मृतक के पिता रामसहाय की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और बच्चे अभी छोटे हैं। ओमप्रकाश की मौत के बाद परिवार में कोई भी कमाने वाला सदस्य नहीं बचा है। पत्नी आशा और चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि वह बीमारी के कारण अत्यधिक मानसिक तनाव में थे।
किसान ने खुदकुशी की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - जितेंद्र कुमार, एसीपी बाह