बाह। कारगिल जंग में द्रास सेक्टर से पाकिस्तान की फौज को खदेड़ने वाले बासौनी के पुरेतनपुरा (बरहा) के सेवानिवृत्त सूबेदार रामदास शर्मा का झोला काट कर 50 हजार रुपये चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। बाह पुलिस ने चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।
पुरेतनपुरा (बरहा) के रामदास शर्मा ने बताया कि सोमवार की दोपहर 1 बजे बाह स्थित स्टेट बैंक की शाखा से अपने खाते से एक लाख रुपये की निकासी की थी। रुपये निकालने के बाद झोले में रख लिए थे। बैंक के बाहर गेट के पास संदिग्ध महिलाओं ने ब्लेड से झोले को काट कर 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। झोला टटोलने पर उसमें रखी 100 एवं 200 रुपये के नोटों की गड्डियां एवं 500 रुपये के नोटों का 20 हजार का बंडल गायब था जबकि 500 रुपये के नोटों की गड्डी बच गई। चोरी के बाद बाह थाने में प्रार्थना पत्र दिया। मौके पर पहुंची बाह पुलिस ने बैंक के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे चोरी करने वालों की पहचान हो सके। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उनको जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद
मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच एवं कार्रवाई होगी। - जितेन्द्र कुमार, एसीपी बाह