विद्यार्थियों को कराया योगाभ्यास, बताए स्वस्थ जीवन के मंत्र
पिनाहट। आयुष विभाग की ओर से मंगलवार को योग जागरूकता और सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय मानिकपुरा में योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को योग और आयुर्वेद के महत्व की जानकारी दी गई। सत्र के दौरान राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय करकोली के योग प्रशिक्षक धर्मेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम और त्राटक क्रिया का अभ्यास कराया। साथ ही ताड़ासन, वृक्षासन और वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों के लाभ बताए। विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार सिंह सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। संवाद
नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद मिलती है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी आगरा डॉ. एमएस आलम के निर्देशन में जिलेभर के विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। - धर्मेंद्र कुमार, योग प्रशिक्षक, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय करकोली