नहर में सीवेज प्लांट का गंदा पानी रोकने व सिल्ट सफाई की मांग पर किसान उग्रबिचपुरी स्थित आगरा ट
अछनेरा। आगरा टर्मिनल नहर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का बदबूदार पानी बंद कराने, फतेहपुर सीकरी नहर की वर्षों से लंबित सिल्ट सफाई कराए जाने और जनपदभर में नहरों व माइनरों की सफाई के नाम पर हुई खानापूर्ति की जांच की मांग को लेकर किसानों ने बिचपुरी स्थित टर्मिनल नहर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने किया।
मोहन सिंह चाहर ने आरोप लगाया कि फतेहपुर सीकरी नहर की करीब 17 वर्ष से सिल्ट सफाई नहीं हुई है। नहर झाड़ियों से पटी पड़ी है और तल में जमी भारी सिल्ट के कारण पानी का प्रवाह मानक से आधा रह गया है। उन्होंने कहा कि नहर में छह फीट पानी का फ्लो निर्धारित है, लेकिन तीन फीट सिल्ट जमी होने से केवल आधा पानी ही आगे बढ़ पाता है, जिससे टेल तक किसानों को सिंचाई नहीं मिल रही। उन्होंने बताया कि दिल्ली और हरियाणा की फैक्ट्रियों का केमिकल मिश्रित पानी भी नहर में डाला जा रहा है, जिससे नहर का पानी जहरीला हो गया है और इससे किसानों की फसलें और स्वास्थ्य दोनों खराब हो रहे हैं। इस मौके पर कृपाल सिंह, भरत सिंह सोलंकी, महावीर प्रधान, लवकेश सोलंकी, पुष्पेंद्र चौधरी, जयपाल चाहर आदि मौजूद रहे। संवाद