आगरा मेट्रो के लिए भारी मशीनों से लगाए यू-गर्डर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने मेट्रो के पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेज कर दिया है। भूमिगत स्टेशन को एलिवेटेड ट्रैक से जोड़ने के लिए यू-गर्डर लगाने का कार्य शुरू हो गया है। जून तक 4 स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे और जुलाई के अंत में खंदारी तक मेट्रो का लोग सफर कर सकेंगे।
यूपीएमआरसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद राय ने बताया कि पहले कॉरिडोर में ताज पूर्वी से मन:कामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन का संचालन हो रहा है। इसके अगले चार स्टेशन आरबीएस, राजा की मंडी, आगरा कॉलेज स्टेशन में सुरंग बनकर तैयार हो गई है। सिविल कार्य चल रहा है। आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन एलिवेटेड हैं। भूमिगत और एलिवेटेड स्टेशन का रैंप एरिया खंदारी चौराहा है। इसको जोड़ने के लिए रविवार को यू-गर्डर रखने का कार्य शुरू हो गया है।
ये भी पढ़ें - अभिवावक ध्यान दें: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर सख्ती, किताब और यूनिफॉर्म को लेकर जारी किए नए निर्देश
जून तक चारों भूमिगत स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे। जुलाई के अंत में या अगस्त के पहले सप्ताह में मेट्रो का आरबीएस स्टेशन तक संचालन किया जाएगा। रैंप एरिया कनेक्ट होने से मेट्रो ट्रेनों को आईएसबीटी स्टेशन पर खड़ा किया जा सकेगा। आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा एलिवेटेड स्टेशन के निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसी साल दिसंबर तक ये भी निर्माण होने की उम्मीद है और इसी महीने में सिकंदरा तक मेट्रो चलाने की योजना है।
ये भी पढ़ें - Toll Plaza Rates Increase: हाईवे पर सफर आधी रात के बाद से महंगा, 10 फीसदी बढ़ाया गया टोल टैक्स; जानें नई दरें
बाईपास रोका, भारी मशीनों से लगाए यू-गर्डर
यू-गर्डर लगाते वक्त खंदारी का बाईपास रोेक दिया था। 500 टन की दो क्रेनों से यू-गर्डर को सफलतापूर्वक पिलर पर स्थापित किया है। दरअसल, आईएसबीटी से सिकंदरा तक एलिवेटेड ट्रैक बनाने में 654 पाइल, 150 पाइलकैप और इतने ही पियर का निर्माण किया जाना है। इसमें से अब तक 293 पाइल, 50 पाइलकैप और 37 पियर का निर्माण हो चुका है। यू-गर्डर का निर्माण रुनकता स्थित प्लांट में किया जा रहा है।