आगरा में पहले मेट्रो स्टेशन ताज पूर्वी का 90 फीसदी सिविल कार्य पूरा हो गया है। दोनों गेट पर प्रवेश व निकास की सुविधा होगी। इसके साथ ही प्राथमिकता कॉरिडोर में शामिल ताजमहल, आगरा किला व जामा मस्जिद भूमिगत मेट्रो स्टेशनों की डिजाइन तैयार हो गई है।
ताजनगरी आगरा में पहले मेट्रो स्टेशन ताज पूर्वी गेट का प्लेटफार्म सड़क से 11 मीटर ऊंचा होगा। फतेहाबाद रोड पर टीडीआई मॉल के सामने स्टेशन की बिल्डिंग बन गई है। 90 फीसदी सिविल कार्य पूरा हो चुका है। बिल्डिंग में ग्रेनाइट की फिनिशिंग अब हो रही है। स्टेशन के दोनों गेट पर यात्रियों के लिए प्रवेश व निकास की सुविधा होगी।
विज्ञापन
फतेहाबाद रोड पर 273 करोड़ रुपये की लागत से तीन किमी. लंबा तीन मेट्रो स्टेशन का एलिवेटेड सेक्शन बन रहा है। इस सेक्शन में पहला स्टेशन ताज पूर्वी गेट होगा। तीनों स्टेशन दिसंबर 2022 तक पूर्ण होंगे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के परियोजना निदेशक अरविंद राय के अनुसार स्टेशन पर प्लेटफार्म बन रहा है। इसकी सड़क से ऊंचाई 11 मीटर होगी। जहां से यात्री ट्रेन में चढ़ व उतर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ताज पूर्वी गेट पर पाइल, पियर, टी गर्डर कार्य पूर्ण हो चुका है। मार्बल व ग्रेनाइट की फिनिशिंग हो रही है। रेलवे स्टेशन के विशाल कक्ष (कोन्कोर्स) में टिकट काउंटर बनेंगे। प्लेटफार्म पर स्टील फ्रेम का शेड बनेगा, जहां यात्रियों के लिए बैठक व अन्य सुविधाएं होंगी। उन्होंने बताया कि ताज पूर्वी गेट से बसई स्टेशन होते हुए फतेहाबाद रोड तक यू-गर्डर रखे जा रहे हैं।
जामा मस्जिद पर शुरू होगी खोदाई
प्राथमिकता कॉरिडोर में शामिल ताजमहल, आगरा किला व जामा मस्जिद भूमिगत मेट्रो स्टेशनों की डिजाइन तैयार हो गई है। आगरा किला के सामने भूमिगत स्टेशन के लिए डायवॉल फ्रेम लगाकर खोदाई की जा रही है। आगरा प्रोजेक्ट के निदेशक एके राय ने बताया कि जामा मस्जिद व ताजमहल स्टेशन पर भी खोदाई शुरू होगी। यहां पहले डायवॉल फ्रेम से भूमिगत स्टेशन के प्लेटफार्म की चौहद्दी बनाई जाएगी।