पहले कॉरिडोर में ताज पूर्वी गेट से मन:कामेश्वर तक मेट्रो ट्रेन चल रही है। एसएन, आगरा कॉलेज, राजामंडी, आरबीएस और आईएसबीटी स्टेशन पर दोनों ओर की पटरी बिछाई जा चुकी है। इसके हाईस्पीड ट्रायल इसी सप्ताह शुरू करने की योजना है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। पहले चरण के हाईस्पीड ट्रायल में भी मुख्यमंत्री आए थे। साथ ही आगरा, लखनऊ और कानपुर मेट्रो परियोजना का एकसाथ कार्य हो रहा है।
इनके निर्माण करने की गति भी लगभग एक जैसी है। ऐसे में तीनों शहरों के मेट्रो प्रोजेक्ट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उद्घाटन करने की भी योजना है। एक ही स्थान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीनों शहरों की मेट्रो का उद्घाटन कर सकते हैं। पहले छह स्टेशन का भी प्रधानमंत्री ने वर्चुअल उद्घाटन किया था। इसी के चलते आईएसबीटी तक मेट्रो मई के अंत में या फिर जून के पहले सप्ताह में इसका उद्घाटन होने की संभावना है।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि लोगों के लिए मेट्रो परियोजना से यातायात बेहद सुगम हो जाएगा। हाईस्पीड ट्रायल में मुख्यमंत्री और उद्घाटन प्रधानमंत्री कर सकते हैं। शासन स्तर से जैसा आदेश आएगा, उसी के आधार पर कार्ययोजना बनाई जाएगी।