आगरा में मेट्रो चलाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। विकास प्राधिकरण ने मेट्रो रेल परियोजना की संशोधित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेज दी है। इसके साथ ही अधिकारियों ने मेट्रो परियोजना के संभावित शिलान्यास स्थल का प्रस्ताव भी भेजा है। जिसे पीएसी परिसर बताया गया है।
आगरा मेट्रो परियोजना में दो कारीडोर की डीपीआर भेजी गई थी, जिसे बाद में सरकार ने मेट्रो योजना-2107 के तहत संशोधित करने का निर्देश देते वापस कर दिया था। विकास प्राधिकरण ने मेट्रो की संशोधित डीपीआर, कांप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान तैयार करके शासन को भेज दिया है।
डीपीआर के मुताबिक शहर में मेट्रो के दो कारीडोर का प्रस्ताव किया गया है। पहला कारीडोर सिकंदरा से लेकर फतेहाबाद रोड होटल ट्राइडेंट तक होगा और दूसरा कारीडोर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से छलेसर तक होगा। इसमें पहले कारीडोर का यार्ड पीएसी परिसर में प्रस्तावित है और दूसरा यार्ड छलेसर में झरना नाले के पास प्रस्तावित किया गया है।
यहां इस बात भी विचार किया गया है कि पहले किस कारीडोर पर काम प्रारंभ होगा। इसमें सिकंदरा से ट्राइटेंड होटल के कारीडोर के पहले चरण में रखा गया है। इस पर पहले काम शुरू होता है तो योजना का शिलान्यास पीएसी परिसर में प्रस्तावित यार्ड से करने पर विचार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि डीपीआर आज कैबिनेट के समक्ष रखी जाएगी।