आगरा के खंदारी निवासी ट्रक चालक जयप्रकाश का शव शुक्रवार की रात एटा के मलावन थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ा मिला। शनिवार शाम को शव घर पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को उसे ट्रक मालिक बुलाकर ले गया था। उसने ही हत्या की है।
विधायक हेमलता दिवाकर और पुरुषोत्तम खंडेलवाल के समझाने पर रात तकरीबन आठ बजे शव को उठवाया जा सका। इसके बाद ही जाम खुल सका। परिजनों की तहरीर पर मलावन थाने में मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
खंदारी स्थित पोस्ट ऑफिस वाली गली निवासी जयप्रकाश (34) के पास से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान हुई थी। सूचना पर भाई सत्यप्रकाश और मानिक चंद्र पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शनिवार शाम को पांच बजे शव पहुंचा।