अपार्टमेंट के बाहर खड़े पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के बल्केश्वर क्षेत्र में सोमवार शाम को 12 लाख की लूट को अंजाम देकर बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। बल्केश्वर स्थित भगवान नगर कॉलोनी थाना कमला नगर से तकरीबन 500 मीटर की दूरी पर है। कॉलोनी में आसपास घर बने हुए हैं। संकरा रास्ता है।
बदमाश पैदल चप्पल पहनकर आए थे। दोनों मास्क लगाए थे। लोगों के घेरने पर पैदल ही भाग निकले। पुलिस की गश्त का कोई अता-पता नहीं था। लोगों का कहना था कि अगर पुलिस होती तो बदमाश पकड़ लिए जाते।
संबंधित खबर- आगरा में 12 लाख की लूट: दो बदमाशों ने फ्लैट में मां-बेटे को बंधक बनाकर की वारदात, फायरिंग कर भागे
दूसरी मंजिल पर हुई वारदात
शिव अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर फैक्टरी मैनेजर सुनील सिंघल के फ्लैट में सरेशाम मां-बेटे को बंधक बनाकर लूट की वारदात से लोगों में दहशत है। कॉलोनी के रहने वाले विष्णु अग्रवाल ने बताया कि कालोनी में पहली बार लूट की घटना हुई है। घरों में घुसकर भी बदमाश लूट कर रहे हैं। घटना से वो सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठाए।